Site icon Dainik Savera Times

मानसून थमा, इस हफ्ते सेफ्टी ट्रायल के बाद पटरी पर लौटेगी कांगड़ा वैली रेल

धर्मशाला: मानसून में भारी बारिश से पटरी से उतरी कांगड़ा वैली नैरो गेज रेलवे अब दोबारा रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेल सेक्शन की मरम्मत पूरी हो चुकी है और इसी सप्ताह पूरे ट्रैक का सेफ्टी ट्रायल होगा। ट्रायल में ट्रैक सुरक्षित और परिचालन के लिए फिट पाया गया तो रेलवे फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करेगी और इसके बाद ट्रेनों की आवाजाही बहाल करने का रास्ता खुल जाएगा। भारी बारिश ने कांगड़ा वैली रेलवे के ट्रैक को कई जगह नुकसान पहुंचाया था।

इसके बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया था। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने मरम्मत और अनुरक्षण का काम युद्धस्तर पर पूरा किया है। अब रेलवे की नजर सुरक्षा जांच के सबसे अहम चरण पर है। इसी के चलते अब मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू की अध्यक्षता में बहाली का कार्यक्रम तय किया गया है। परिचालन और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें कांगड़ा वैली नैरो गेज के सभी सेक्शनों का सेफ्टी ट्रायल करेंगी। इस दौरान ट्रैक की परिचालनिक उपयुक्तता और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत पूरी होने के बाद भी तत्काल ट्रेनें नहीं चलेंगी। सभी सेक्शनों का ट्रायल सफल होना और फिटनेस प्रमाणन जरूरी होगा। इसके बाद ही अग्रिम आदेश के तहत यात्री ट्रेनों को फिर से चलाया जाएगा।

कांगड़ा वैली रेलवे की यह लाइन हिमाचल के कांगड़ा क्षेत्र को पठानकोट से जोड़ती है। बारिश के कारण सेवा प्रभावित होने से स्थानीय यात्रियों के साथ पर्यटन गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा था। अब मरम्मत पूरी होने के बाद सेफ्टी ट्रायल को सेवा बहाली की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। रेलवे की ओर से अभी ट्रेनों की बहाली की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है। बहाली की तारीख सेफ्टी ट्रायल और फिटनेस प्रमाणन के बाद ही तय होगी।

Exit mobile version