Site icon Dainik Savera Times

Kasol Firing Case: कसोल होटल फायरिंग मामले में बड़ी सफलता, पांचवां आरोपी अमृतसर से गिरफ्तार

Kasol Firing Case

Kasol Firing Case

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी स्थित कसोल के होटल ग्रीन वैली में 30 मई को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे पांचवें आरोपी को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी वारदात के बाद दोबारा इटली भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे दबोच लिया।

ये भी पढ़ें :-

ये है मामला

गौरतलब है कि 30 मई को होटल ग्रीन वैली में फायरिंग की सूचना मिलते ही मणिकर्ण थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया था। हालांकि, 1 आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता और खुफिया सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए फरार आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लगातार प्रयासों के बाद 31 मई को पुलिस ने पंजाब के अमृतसर जिले की बाबा बकाला तहसील के गांव बग्गा में छापेमारी कर 22 वर्षीय तमनप्रीत सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

इटली जाने की तैयारी कर रहा था आरोपी

जांच में सामने आया है कि तमनप्रीत सिंह पिछले कुछ समय से इटली में रह रहा था और हाल ही में भारत लौटा था। फायरिंग की घटना के बाद वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए दोबारा इटली जाने की तैयारी कर रहा था। कुल्लू पुलिस की विशेष टीम आरोपी को पंजाब से कुल्लू लेकर पहुंच चुकी है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे मणिकर्ण पुलिस थाना में विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय से रिमांड पर लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले में नियमानुसार जांच और कानूनी कार्रवाई जारीः एसपी

मामले की पुष्टि करते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version