शिमला/बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पंजाब-हिमाचल सीमा पर लगाए गए एंट्री टैक्स और टोल नाकों के विरोध में आंदोलन कर रहे शिरोमणि जरनैल साहिबजादा बाबा जुझार सिंह निहंग सिंह खालसा दल ने बुधवार को कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपना समानांतर खालसा एंट्री टैक्स नाका लगा दिया। बाबा अच्छर सिंह महाकाल की अगुवाई में बुधवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक यह खालसा राज टैक्स अभियान चलाया गया। इस दौरान हिमाचल की ओर से पंजाब में आने वाले वाहनों को रोककर प्रतीकात्मक पर्चियां काटी गईं।
यह टैक्स फिक्स नहीं था, वाहन चालकों ने अपनी श्रद्धा अनुसार 10, 20, 50 या 100 रुपए की सहयोग राशि दी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक लगाए गए इस नाके से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। खालसा दल के नेता बाबा अछर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि हिमाचल सरकार ने एंट्री टैक्स और अन्य शुल्क वापस नहीं लिए अथवा कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष पंजाब के लोगों के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए है और आने वाले दिनों में इसका दायरा बढ़ सकता है। संगठन ने पंजाब सरकार को दस दिन में समाधान निकालने का अल्टीमेटम दिया है।

