शिमला: शिमला के साथ लगते बनूटी में रविवार को खेल महाकुंभ 2026 का शुभारंभ लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई और युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
खेल महाकुंभ का आयोजन 25 अक्टूबर से 15 नवंबर तक किया जाएगा। इसमें लगभग 10 हजार खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, कबड्डी और बैडमिंटन के साथ मॉडलिंग तथा लोकनृत्य को भी शामिल किया गया है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना है।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं। खेलों के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
मंत्री ने महिलाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हिमाचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने खेलों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
खेल महाकुंभ के माध्यम से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, युवाओं में खेल भावना, आपसी भाईचारे और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी मजबूत होगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)

