Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे के खिलाफ अभियान होगा तेज, 28 संवेदनशील पंचायतों पर विशेष नजर

October 30, 2026

नशे के खिलाफ अभियान होगा तेज, 28 संवेदनशील पंचायतों पर विशेष नजर
 

Kullu Administration to Intensify Anti-Drug Campaign : कुल्लू। उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान, एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई, वित्तीय जांच, अवैध भांग एवं अफीम की खेती की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की।

उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए कुल्लू पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान पूरी दृढ़ता के साथ जारी रखा जाएगा। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को नवचेतना मॉड्यूल के तहत अध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान करने तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्कूलों में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता गतिविधियों की मासिक रिपोर्ट जिला स्तरीय समिति की बैठकों में प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से एंटी चिट्टा शपथ दिलाई जाए। साथ ही, नशे के दुष्प्रभावों पर विशेषज्ञों अथवा वक्ताओं के व्याख्यान भी आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी मिल सके। शर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए उन्हें खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कौशल विकास और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी तथा वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रह सकेंगे। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। बैठक में जिले की 28 अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों में गठित नशा निवारण समितियों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इन समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण विभाग, नगर निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए पंचायत स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। स्थानीय प्रतिनिधि और समुदाय के सदस्य युवाओं तथा उनके अभिभावकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उपायुक्त ने जिले में अवैध भांग एवं अफीम की खेती की समयबद्ध पहचान कर उसे नष्ट करने तथा संबंधित मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में अवैध खेती और नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, एसडीएम कुल्लू डॉ. जयवंती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें