
कुल्लू: आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के श्री श्री संस्कार केंद्र की ओर से राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला, शमशी में पांच दिवसीय फाउंडेशनल प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। 17 नवंबर से शुरू हुआ यह विशेष कार्यक्रम 21 नवंबर को संपन्न होगा। इसमें करीब 50 नन्हे-मुन्ने बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
वहीं मिडिया कोऑर्डिनेटर कुल्लू सुशांत शर्मा ने बताया कि इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों का शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास करना तथा उनमें भारतीय संस्कृति और अच्छे संस्कारों के प्रति रुचि जागृत करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक सोनम, कमला बोध व चैतन्य शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेगें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नाड़ी शोधन, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया जा रहा है। साथ ही इन गतिविधियों से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों को प्रतिदिन प्रेरणादायक कहानियां सुनाने के साथ दादी मां के पारंपरिक नुस्खों, मंत्र-स्नान की विधि, मंत्रोच्चारण और ज्ञानवर्धक ‘वंडर सत्रों’ के माध्यम से रोचक जानकारियां दी जा रही हैं। श्री श्री संस्कार केंद्र के शिक्षक बच्चों को खेल-खेल में योग, अनुशासन, सकारात्मक सोच और जीवनोपयोगी संस्कारों की शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बच्चों को मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, अच्छे विचारों और नैतिक मूल्यों को विकसित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
📍 Location: Kullu (Kullu)