कुल्लू: जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू की जिला कार्यकारिणी ने कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को शीघ्र कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग उठाई है। वही, चेतावनी भी दी गई कि मंत्री न बनाने की सूरत में कांग्रेस पदाधिकारी सामूहिक त्यागपत्र देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मंडी लोकसभा क्षेत्र को प्रदेश सरकार में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद की अध्यक्षता में जिला कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सर्कुलर के तहत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम को जिला के चारों ब्लॉकों की सभी जोनल, पंचायत और बूथ कमेटियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा जिला पदाधिकारियों को सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों की समीक्षा की गई तथा विधानसभा वार संगठनात्मक कार्यक्रमों की रिपोर्ट लेने का फैसला किया गया।
बैठक का मुख्य मुद्दा सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग रहा। जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू की ओर से 11 नवंबर 2026 को आयोजित जनरल हाउस में पारित प्रस्ताव की प्रति मिलने के बाद जिला कार्यकारिणी में इस पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव पारित कर चेतावनी दी है कि यदि 11 दिसंबर तक विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया गया तो ब्लॉक की संपूर्ण कार्यकारिणी, 16 जोन अध्यक्ष, 157 बूथ अध्यक्ष और फ्रंटल संगठनों के प्रमुख सामूहिक रूप से अपने संगठनात्मक पदों से त्यागपत्र देंगे।
सेस राम आजाद ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रस्ताव का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंडी लोकसभा क्षेत्र के कोटे से शीघ्र कैबिनेट मंत्री बनाया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश सरकार में क्षेत्र का राजनीतिक संतुलन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी वर्ष 2023 से लगातार सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की मांग उठाती आ रही है। इस मांग को पहले भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जा चुका है, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो जिला कांग्रेस कमेटी चारों ब्लॉक अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाएगी।
📍 Location: Kullu (Kullu)

