Site icon Dainik Savera Times

कुल्लूः कॉलेज विद्यार्थियों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर साइबर धोखाधड़ी का खुलासा, Lotus365 और Telegram कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

कुल्लूः 31 अक्टूबर को पुलिस थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला स्थानीय युवाओं एवं कॉलेज विद्यार्थियों के बैंक खातों का कथित दुरुपयोग कर साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने और आगे हस्तांतरित करने से संबंधित है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ व्यक्ति युवाओं एवं कॉलेज विद्यार्थियों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल संदिग्ध लेन-देन के लिए कर रहे थे। खातों में धनराशि जमा करवाने के बाद खाताधारकों से नकद निकासी करवाकर अन्य व्यक्तियों को सौंपी जाती थी। कुछ लेन-देन का संबंध अन्य राज्यों में दर्ज साइबर अपराध की शिकायतों से भी पाया गया है, जिसके चलते संबंधित बैंक खातों पर Debit Freeze लगाया गया है। जांच में ऑनलाइन बेटिंग/गेमिंग प्लेटफॉर्म Lotus365 तथा Telegram के माध्यम से धनराशि के लेन-देन से जुड़े पहलू भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

मामले में 20 वर्षीय युवक निवासी दिल्ली तथा 26 वर्षीय युवक निवासी बिलासपुर हाल निवासी दिल्ली को जांच में शामिल किया गया है। पूछताछ एवं जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर दोनों को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। मामले से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जुटाने एवं तकनीकी विश्लेषण के लिए उनके मोबाइल फोन भी नियमानुसार कब्जा पुलिस में लिए गए हैं।

पुलिस द्वारा बैंक खातों की स्टेटमेंट, संदिग्ध लेन-देन, नकद निकासी एवं डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि धनराशि के लेन-देन की पूरी श्रृंखला तथा इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाया जा सके। मामले में आगामी जांच जारी है।

कुल्लू पुलिस की आम जनता एवं कॉलेज विद्यार्थियों से अपील

कुल्लू पुलिस युवाओं से अपील करती है कि कमीशन अथवा किसी अन्य लालच में अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, चेक बुक, OTP, इंटरनेट बैंकिंग या UPI की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें और न ही अपने बैंक खाते का इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति को करने दें।

ध्यान रखें कि साइबर धोखाधड़ी की रकम यदि आपके बैंक खाते में प्राप्त होती है अथवा आपके खाते से आगे हस्तांतरित की जाती है, तो आप भी जांच एवं कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत *राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930* पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version