Kullu DC Reviews Preparations for Upcoming DC-SP Conference : कुल्लू। आगामी डीसी-एसपी कॉन्फ्रेंस के मद्देनजर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मनाली बाईपास, कसोल कचरा प्रबंधन प्लांट, वोल्वो बस स्टैंड तथा एंटी चिट्टा अभियान पर चर्चा हुई। डीसी ने सभी विभागों को निर्धारित समय में अद्यतन आंकड़ों और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी कॉन्फ्रेंस के मद्देनजर विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने और महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक इनके लाभ पहुंचने की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, ब्लाइंड स्कूल भवन तथा सीसीआई (बाल संरक्षण संस्थान) कलेहली के कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं से संबंधित वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) मामलों की प्रगति, मनाली बाईपास सड़क, कसोल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट और वोल्वो बस स्टैंड मनाली से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान, चिट्टा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से नशे के विरुद्ध कार्रवाई को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने विभागों से संबंधित अद्यतन आंकड़े और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध करवाएं, ताकि डीसी-एसपी कॉन्फ्रेंस में जिले से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।