Kullu DC Sets December 1 Deadline for HIV Control Targets : कुल्लू। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस-बी की रोकथाम के लिए निर्धारित 95:95:99 लक्ष्यों को 1 दिसंबर, 2026 तक हासिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले को ‘संघर्षशील’ श्रेणी से निकालकर ‘सुरक्षित’ और आगे ‘सुरक्षित प्लस’ श्रेणी में लाने के लिए मिशन मोड में काम किया जाए। इसके लिए गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत जांच और संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि नाको द्वारा इन लक्ष्यों की उपलब्धियों के आधार पर सभी जिलों को चार श्रेणियों ‘सुरक्षित प्लस’, ‘सुरक्षित’, ‘सक्षम’ और ‘संघर्षशील’ में वर्गीकृत किया गया है और अप्रैल 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल्लू जिला वर्तमान में ‘संघर्षशील’ श्रेणी में है। उपायुक्त ने कहा कि जिले को ‘सुरक्षित’ तथा आगे चलकर ‘सुरक्षित प्लस’ श्रेणी में लाने के लिए मिशन मोड में कार्य करना होगा। उन्होंने प्रसव पूर्व देखभाल के अंतर्गत सभी गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मां से शिशु में संक्रमण के मामलों को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एड्स की रोकथाम, जांच, उपचार एवं देखभाल से संबंधित सेवाओं को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित संस्थाएं आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंच सके।इस दौरान जिला स्वास्थ्य कार्यक्रम अधिकारी कुल्लू डॉ सुरेश ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से प्रस्तुति दी ।

