Site icon Dainik Savera Times

कुल्लू दशहरा उत्सव में पहली बार आधुनिक तकनीक AI से होगी निगरानी

कुल्लू: एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) हिमाचल प्रदेश अभिषेक त्रिवेदी कुल्लू पहुंचे जहां उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में कानून व्यवस्था तथा निगरानी के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों का निरीक्षण किया। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक किया गया है। एडीजीपी त्रिवेदी ने निरीक्षण के बाद पत्रकारों से कहा कि पहली बार उत्सव में कुल्लू पुलिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का सहारा लेकर निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी 1200 जवान करेंगे आगे आवश्यकता होगी तो जवानों की संख्या ओर भी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा देव स्थलों सहित पूरा कुल्लू शहर नो फ्लाई जोन होगा, बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

उत्सव स्थलों में कुल 136 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। दशहरा के दौरान किसी तरह की मुश्किल न आए, इसके लिए शहर को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में सेक्टर ऑफिसर के साथ जवानों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दशहरा में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आते हैं। किसी तरह की चूक न हो इसके लिए बाकायदा ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। पुलिस कुल्लू जिले की सीमा में प्रवेश करने वालों पर कड़ी नजर रखेगी। बजौरा, रामशिला आदि स्थानों पर ट्रैफिक नाके भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन, बम डिस्पोजल दस्ता, डॉग स्कवैड, सहित अन्य कई अलग अलग दस्ते बनाए गए हैं जो हर गतिविधि पर पूरी नजर रखेंगे।

ये भी पढ़ें: Punjab Budget Session 2026 : इन सेक्टर्स को सरकार दे सकती है बड़ा तोहफा

Exit mobile version