Site icon Dainik Savera Times

नशा निवारण केंद्रों और जेल में चला स्क्रीनिंग अभियान, कुल्लू में 74 लोग हेपेटाइटिस-C पॉजिटिव

कुल्लू: जिला कुल्लू में नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशा निवारण केंद्रों और जेल में चलाए गए विशेष स्क्रीनिंग अभियान के दौरान 1,340 लोगों की हेपेटाइटिस-सी जांच की गई।

उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा को स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की प्रगति की जानकारी दी। इसमें 74 लोग संक्रमित पाए गए और इनमें से 49 लोगों का उपचार शुरू कर दिया गया है। संक्रमण की समय रहते पहचान और प्रभावित लोगों को उपचार से जोड़ने का कार्य आरम्भ किया जा चुका है। स्क्रीनिंग में संक्रमित पाए गए 74 लोगों में 49 लोग 30 वर्ष से कम आयु के हैं, जबकि 25 लोग 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हैं। वहीं, 64 लोगों के वायरल लोड टेस्ट किए गए, इनमें से 49 लोगों का उपचार आरम्भ किया जा चुका है।

उपायुक्त ने कहा कि संक्रमण की समय पर पहचान और उपचार के माध्यम से इसके प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जेल और नशा निवारण केंद्रों में नियमित अंतराल पर स्क्रीनिंग जारी रखी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जांच और उपचार की सुविधा मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से नशे केउ लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल करने वाले लोगों को जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एक ही सिरिंज अथवा सुई का इस्तेमाल एक से अधिक व्यक्तियों द्वारा करने से हेपेटाइटिस-सी और हेपेटाइटिस-बी जैसे संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।

उपायुक्त ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को केवल नशा मुक्ति तक सीमित न रखते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समुचित उपचार भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, नशा निवारण केंद्रों और संबंधित संस्थानों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार के माध्यम से संक्रमण के प्रसार को रोकने के साथ प्रभावित लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर लौटने में मदद मिल सकती है।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version