Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू की खराहल घाटी की 9 पंचायतों को जल्द मिलेगी राहत, दो साल से लंबित पेयजल और सिंचाई योजनाओं का काम शुरू

November 25, 2026

कुल्लू की खराहल घाटी की 9 पंचायतों को जल्द मिलेगी राहत, दो साल से लंबित पेयजल और सिंचाई योजनाओं का काम शुरू

कुल्लू: जिला की खराहल घाटी की नौ पंचायतों में पिछले दो वर्षों से उठाऊ पेयजल और सिंचाई योजनाएं शुरू न होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल की पर्याप्त सुविधा न मिलने के साथ किसानों और बागवानों को भी सिंचाई के लिए दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। हालांकि अब जल शक्ति विभाग की ओर से इन योजनाओं का काम शुरू कर दिया गया है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

लरा केलो जिला परिषद वार्ड के सदस्य अनिल राणा ने इस गंभीर समस्या को लेकर 25 नवंबर को जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता कुल्लू को पत्र सौंपा है। उन्होंने विभाग से उठाऊ पेयजल और सिंचाई योजनाओं का कार्य जल्द पूरा करने तथा इनके शुरू होने की निर्धारित समयसीमा स्पष्ट करने की मांग उठाई है।

अनिल राणा ने कहा कि खराहल क्षेत्र के समस्त पंचायत प्रतिनिधि पहले भी इस समस्या को लेकर विभाग से मिल चुके हैं और योजनाओं का काम जल्द शुरू करवाने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद कार्य की स्थिति और योजनाओं को पूरा करने की समयसीमा स्पष्ट नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा कि अब विभाग ने काम शुरू किया है, जिससे उम्मीद है कि दोनों योजनाएं जल्द जनता को समर्पित होंगी।

अनिल राणा ने विभाग के समक्ष तलोगी से 16 टंकी तक अतिरिक्त उठाऊ जल योजना और बोरवेल करवाने की आवश्यकता का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने इस क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि परियोजना के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के शुरू होने से खराहल घाटी की नौ पंचायतों के लोगों को पेयजल और सिंचाई की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल शक्ति विभाग इस गंभीर जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करेगा।

वहीं, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित ने बताया कि दोनों योजनाओं का कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द दोनों ही योजनाओं से पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें