Site icon Dainik Savera Times

Himachal: कुल्लू में नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, STF ने पोस्त के 4.32 लाख पौधे किए नष्ट

Kullu News

Kullu News

हिमाचल डेस्कः प्रदेश पुलिस ने जिला कुल्लू में नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू ने बंजार उपमंडल के दुर्गम बठाहड़ क्षेत्र में अवैध पोस्त की खेती का भंडाफोड़ करते हुए 12 बीघा भूमि पर उगाई गई फसल नष्ट कर दी। टीम ने मौके से करीब 4 लाख 32 हजार 522 पोस्त के पौधे बरामद कर नष्ट किए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

30 खेतों में उगाई गई थी नशे की फसल

जानकारी के अनुसार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव मशियार, तहसील बंजार में बड़े पैमाने पर पोस्त की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही एसटीएफ कुल्लू की दो टीमों ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 30 सीढ़ीदार खेतों में फैली पोस्त की फसल को कब्जे में लेकर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

बंजार थाना में मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में थाना बंजार में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

डीएसपी एसटीएफ ने क्या कहा

डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेम राज वर्मा ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि एसटीएफ अब तक 37 बीघा भूमि पर उगाए गए 10 लाख 58 हजार 985 पोस्त के पौधों को नष्ट कर चुकी है। इस संबंध में अब तक 10 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

Exit mobile version