Site icon Dainik Savera Times

शिमलाः मिर्च पाउडर डालकर महिलाओं से आभूषण लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

शिमला। कुमारसैन पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के आभूषण छीनने की तीन वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीनों मामलों में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जेल सिंह (26) पुत्र करण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला 31 अगस्त 2026 को दर्ज हुआ था। जुब्बड़ के पास रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर सीमा देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके दोनों कानों की बालियां छीन ली थीं। इसके बाद 14 सितंबर को कण्डयाली के पास इसी तरह की वारदात में सुनो देवी की सोने की बालियां छीनी गईं। तीसरी घटना 26 सितंबर को हुई, जब कनकु नामक महिला के ढाबे पर आरोपी लगातार तीन दिन तक आता रहा और मौका देखकर उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।

तीनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को वारदातों के तरीके में स्पष्ट समानता मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर वारदात से पहले घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही पर नजर रखता और सुनसान रास्ते पर उनके अकेले होने का इंतजार करता था। मौका मिलते ही आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उन्हें असहाय करता और सोने के आभूषण लेकर फरार हो जाता था।

पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस का भी सहारा लिया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिलने पर कुमारसैन पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके बाद 5 अक्तूबर 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर कुमारसैन लाया गया। तीनों मामलों की शिकायतकर्ताओं ने भी आरोपी की पहचान की है।

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सिहुंता, जिला चंबा में FIR संख्या 16/2026, दिनांक 5 मार्च 2026, धारा 304(2) BNS के तहत स्नैचिंग का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version