Site icon Dainik Savera Times

लद्दाख के 24 किसानों को सुंदरनगर में नगदी फसलों की आधुनिक खेती का प्रशिक्षण

सुंदरनगर: कृषक प्रशिक्षण केन्द्र सुंदरनगर में “हिम्मोथान सोसाइटी”, लेह-लद्दाख के सौजन्य से भ्रमण पर आए लद्दाख के किसानों के लिए नगदी फसलों के उत्पादन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लद्दाख से आए 24 किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. ओम प्रकाश बंसल ने किसानों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के अंत में उन्होंने किसानों से संवाद कर प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली तथा सभी किसानों एवं प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

उप प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश कुमार जंजीहा ने हरे मटर की खेती के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भूमि की तैयारी, बिजाई, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन, उत्पादन तथा विपणन संबंधी तकनीकों के बारे में बताया। उन्होंने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर भी दिए।

प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने एक्सोटिक एवं विदेशी सब्जियों की खेती के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने भूमि की तैयारी से लेकर बिजाई, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन, उत्पादन तथा विपणन तक की महत्वपूर्ण तकनीकों पर किसानों को जानकारी दी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत डॉ. नरेश कुमार एवं डॉ. सुधीर कुमार के मार्गदर्शन में किसानों को सुंदरनगर के आसपास के प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण भी करवाया गया। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों एवं प्रयोगों की जानकारी साझा की और अपने अनुभव किसानों के साथ साझा किए। इससे लद्दाख से आए किसानों को व्यावहारिक स्तर पर उन्नत कृषि तकनीकों को समझने का अवसर मिला।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version