Site icon Dainik Savera Times

CM सुक्खू ने लॉन्च की ‘नशे नू ललकार’ अभियान की टी-शर्ट

Launches ‘Nashe Nu Lalkar’ Campaign T-Shirt : शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ‘नशे नु ललकार, नौजवानी दी पुकार’ अभियान की टी-शर्ट लॉन्च की। अभियान के तहत 9 अक्टूबर को नालागढ़ में मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने अभियान की सराहना करते हुए इसके सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की बुराई से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। युवाओं की ऊर्जा को खेल, रचनात्मकता और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और इसके दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत करवाने के लिए ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ के तहत लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि 9 अक्तूबर को नालागढ़ में आयोजित होने वाली मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प का संदेश दिया जाएगा।

साथ ही, नशे के विरुद्ध लड़ाई में युवाओं की भूमिका को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा। इस अवसर पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा और दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version