कुल्लू। पार्वती जलविद्युत परियोजना की टनल से सैंज क्षेत्र की रैला पंचायत में एक स्थान पर हुए रिसाव का जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उपमंडलाधिकारी (नागरिक), बंजार तथा एनएचपीसी पार्वती परियोजना के महाप्रबंधक सहित संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्तर पर टनल से हो रहे रिसाव को पूरी तरह रोक लिया गया है। रिसाव के कारण जमा हुए मलबे को हटाने के लिए मौके पर आवश्यक मशीनरी तैनात कर दी गई है।

एडीएम ने बताया कि प्रशासन द्वारा स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा रिसाव से हुई संभावित क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौके के निरीक्षण के बाद एसडीएम बंजार पूरे मामले की विस्तृत एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेंगे।

रिपोर्ट के आधार पर क्षति और अन्य संबंधित पहलुओं का आकलन करते हुए आवश्यक आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति की निरंतर निगरानी करने तथा स्थानीय लोगों से समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।
📍 Location: कुल्लू (कुल्लू)
मेष: दिन शुभ रहेगा...