Site icon Dainik Savera Times

Shimla के झंझीड़ी में देखा गया तेंदुआ, लोगों में दहशत का माहौल

शिमला (गजेंद्र) : राजधानी शिमला के झंझीड़ी में रात के समय एक तेंदुआ दिखाई दिया, जिसके बाद लोगों में दहशत का माहौल है। रात के साढ़े 8 बजे तेंदुआ पहले घर के आंगन से दबे पांव निकला उसके बाद दूसरी जगह शिकार के लिए दबिश लगाई। लोग होली का जश्न मनाकर देर रात घर लौट रहे थे। गनीमत रही कि तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। उसकी चहल कदमी घर के साथ लगे CCTV कैमरा में कैद हो गई, जिसके बाद लोग खौफ में जी रहे हैं।

झंझीड़ी के रहने वाले विशाल ने बताया कि इससे पहले भी यहां एक दो बार तेंदुआ दिखा था। इस वजह से लोगों में डर है। उन्होंने कहा कि इसकी सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उम्मीद है प्रशासन जल्द से जल्द इसे पकड़ेगा। ताकि यह किसी को नुकसान न पहुंचा सके।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यहां पैट डॉग के अलावा आवारा कुत्तों की संख्या भी ज्यादा है। जिस वजह से तेंदुआ शिकार करने आया होगा। लेकिन तेंदुए के दिखने से छोटे बच्चों को स्कूल भेजना तक मुश्किल हो गया है। वन विभाग की टीम को तुरंत एक्शन लेना चाहिए। शिमला में बीते कुछ समय से तेंदुए को कभी सड़कों पर तो कभी घर के आंगन में देखा जा रहा है। छोटे बच्चों को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है।

बीते वर्ष शिमला के कृष्णानगर में एक बच्चे को मार गिराया जिसके बाद फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने हिंसक तेंदुए की तलाश शुरू की और उसे पकड़ा। वन विभाग द्वारा कई जगह पर पोस्टर लगाए गए हैं कि लोगों को इस तरह के हिंसक जानवरों से कैसे सावधानी बरतनी चाहिए।

Exit mobile version