Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल की महिलाओं के लिए LIC में नौकरी का मौका, 500 महिला करियर एजेंट पदों पर होगी भर्ती

जोगिंदर नगर: महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), शाखा मंडी द्वारा महिला करियर एजेंट के 500 पद जिला रोजगार कार्यालय मंडी को अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों को भरने के लिए 4 नवंबर, 2026 को उप-रोजगार कार्यालय जोगिंदर नगर में कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। साक्षात्कार प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होंगे।

इस बारे जानकारी देते हुए प्रभारी उप-रोजगार कार्यालय जोगिंदर नगर सुमित ने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं पात्र होंगी, जबकि 30 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित महिला अभ्यर्थियों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने पर प्रथम वर्ष 7000 रुपये प्रतिमाह, द्वितीय वर्ष 6000 रुपये प्रतिमाह तथा तृतीय वर्ष 5000 रुपये प्रतिमाह वजीफा (स्टाइपेंड) दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बीमा पॉलिसियों की बिक्री पर नियमानुसार कमीशन भी प्रदान किया जाएगा।

सुमित ने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए महिला अभ्यर्थियों का हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन महिलाओं का रोजगार पंजीकरण नहीं है अथवा समाप्त हो चुका है, वे EEMIS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नया पंजीकरण अथवा नवीनीकरण करवा सकती हैं। उन्होंने इच्छुक महिला अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं उनकी छायाप्रतियों, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा रोजगार पंजीकरण पत्र सहित उप-रोजगार कार्यालय जोगिंदर नगर में पहुंचकर साक्षात्कार में भाग लें।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version