Site icon Dainik Savera Times

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ : कुलदीप पठानिया

धर्मशाला: राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत जोन-2 की धर्मशाला में आयोजित होने वाली वार्षिक कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे, जबकि 1 जुलाई, 2025 को समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने दी। वह सीपीए की वार्षिक कॉन्फ्रेंस से पूर्व की गई समीक्षा बैठक के बाद तपोवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिह पठानिया ने कहा कि 30 जून व 1 जुलाई, 2025 को तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधान सभा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र-॥ का वार्षिक सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र-॥ में हिमाचल प्रदेश सहित पांच राज्य पंजाब, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर तथा दिल्ली शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त विशेष अतिथि के तौर पर छह राज्यों के माननीय अध्यक्षों को भी इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए विशेष निमंत्रण दिया गया है। पठानिया ने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य विषय डिजिटल युग में सुशासन: संसाधनों का प्रबंधन, लोकतंत्र की रक्षा और नवाचार को अपनाना है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में चर्चा हेतु 3 विषयों का चयन किया गया है, जिसमें 30 जून को पहले विषय राज्य के विकास की तुलना में राज्य के संसाधनों के प्रबंधन में विधायिका की भूमिका पर चर्चा की जाएगी, जबकि 1 जुलाई को सुबह दूसरे विषय अनुच्छेद 102 और 191 की 10वीं अनुसूची के तहत दल-बदल के आधार पर अयोग्यता का प्रावधान तथा इसी दिन दोपहर बाद तीसरे विषय विधान सभाओं में एआई (कृत्रिम बुद्धिमता) का उपयोग पर भी मंथन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : पीएम मोदी का जलवा कायम, ट्रंप को पीछे छोड़ फिर से बने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता

Exit mobile version