Lord Raghunath Celebrates Traditional Annakut Festival in Kullu : कुल्लू। रघुनाथपुर स्थित भगवान रघुनाथ मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट उत्सव पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान रघुनाथ को नए अनाज का भोग लगाकर चावल के पहाड़नुमा ढेर पर विराजमान किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।
अन्नकूट त्योहार को गोवर्धन पूजा से भी जाना जाता है। कुल्लू में इस दिन भगवान रघुनाथ को नए अनाज का भोग लगाया जाता है। वही, इस मौके पर भगवान रघुनाथ का श्रृंगार करके चावल का पहाड़नुमा ढेर लगाकर उस पर उन्हें विराजमान करवाया जाता है। माना जाता है कि जिस तरह से भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को उठाकर गौवंश व ग्वालों की रक्षा की थी।।उसी तरह कुल्लू में मनाए जाने वाले अन्नकूट त्योहार को भी गोवर्धन पूजा से जोड़ा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान रघुनाथ को नया अनाज चढ़ाए जाने से भगवान रघुनाथ फसलों की रक्षा करते हैं और अन्न की कमी न होने का आशीर्वाद देते हैं।
गौर रहे कि अन्नकूट का त्योहार हर वर्ष दिवाली के दूसरे या तीसरे दिन मनाया जाता है। जिसके लिए शास्त्र पद्धति के अनुसार दिन का चयन किया जाता है। भगवान रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने बताया कि कुल्लू घाटी में अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के नाम से जाना जाती है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट इस मौसम में उगाए गए नए चावल व दाल होती है। जिसे भगवान के चरणों में अर्पित किया जाता है उन्होंने बताया कि गोवर्धन पूजा द्वापर युग से लेकर चली आ रही है। उन्होंने कहा कि जब से लेकर कुल्लू में रघुनाथ भगवान पदार्पण हुए हैं, तब से लेकर अन्नकूट का त्योहार दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है और इसे गोवर्धन पूजा भी कहा जाता है।
लिहाजा कुल्लू के रघुनाथपुर में आज भी इस परंपरा का परंपरागत तरीके से निवर्हन किया जाता है। भगवान रघुनाथ के पुजारी दिनेश किशोर ने बताया कि हर साल की तरह मंगलवार को अन्नकूट का त्यौहार मनाया गया। यहां पर भगवान रघुनाथ के आगमन के बाद भगवान राम को समर्पित सभी त्योहार धूमधाम से मनाए जाते हैं। ऐसे में भगवान रघुनाथ कुछ खास त्यौहारों पर ही अपने मंदिर से बाहर आते हैं और लोग अन्नकूट के दौरान भी भगवान रघुनाथ के दर्शन करते हैं। अन्नकूट अवसर पर भगवान रघुनाथ के दर्शनों को चंबा से आई श्रद्धालु दीपिका ने बताया कि वह भी पहली बार अन्नकूट उत्सव देखने के लिए यहां पहुंची है। भगवान रघुनाथ के दर्शनों के लिए वह समय-समय पर आती है, लेकिन अन्नकूट त्यौहार के अवसर पर भगवान रघुनाथ अपने मंदिर से बाहर निकलते हैं।

