Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में LPG सिलेंडर के दाम बढ़े; घरेलू सिलेंडर में 60 रुपए का इजाफा

शिमला: ईरान-यूएस-इजरायल जंग का असर हिमाचल पर भी पड़ने लगा है। जंग के चलते सूबे में एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। घरेलू व व्यवसायिक दोनों ही सिलेंडरों की कीमत में इजाफा हुआ। शिमला में घरेलू सिलेंडर की दरों में 60 तथा कॉमर्सियल सिलेंडर की कीमत में 137 रुपए की बढ़ोतरी हुई। बढ़ोतरी के बाद घरेलू सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपए के पार पहुंच गई है। सिलेंडरों की कीमत में बढ़ोतरी की नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में डिलीवरी चार्ज जोड़ने के बाद दाम अलग-अलग रहेंगे।

अलबत्ता फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दामों में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। आपूर्ति भी सुचारू रूप से चल रही है। शिमला में घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 60 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1015 रुपये का मिलेगा। जबकि व्यावसायिक सिलेंडर 137 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 2097 का मिलेगा जोकि पहले 1960 का था। इंडियन ऑयल के मंडल एलपीजी विक्रय प्रमुख मोहम्मद अमीन ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से यह स्थिति बनी है।

आने वाले कुछ समय में यह स्थिति बनी रहने की आशंका है। शिमला में पावर पेट्रोल 102.29, पेट्रोल 95.06 व डीजल 87.13 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। जनजातीय जिला किन्नौर में 14 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर अब 986 रुपये में मिलेगा। व्यावसायिक सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़े हैं। व्यावसायिक सिलेंडर अब 2050 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा सिलेंडर को घरों अथवा व्यवसायिक संस्थानों तक पहुंचाने की तय मजदूरी की दरें अलग होंगी।

Exit mobile version