उपमंडल जोगिंदर नगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपली के गाँव रोपा में मगरूनाला नामक स्थान ( बनवार ) से रोपा गाँव तक बने लिंक रोड को पक्का करने की मांग एक बार पुनःजोरों पर हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार इस सड़क मार्ग को लगभग 12 वर्ष बने हो गए हैं। मुख्य सड़क से इस सड़क मार्ग की दूरी लगभग 1 किलोमटर बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वो कई बार इस सड़क को पक्का करने के लिए चुने हुए जन-प्रतिनिधियों से मांग कर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क को पक्का करने के नाम पर उन्हें हर बार आश्वाशन के नाम पर ठगा गया है। ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क मार्ग की हालत बेहद ख़राब स्थिति में है और आए दिन उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रोपा गाँव के लोगों ने बताया कि स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ इस सड़क का निरीक्षण स्वयं किया था व सड़क की बदहाली को देख कर उन्होने सड़क को पक्का करने के लिए 15 लाख रूपये की धनराशि देने की घोषणा भी की थी, लेकिन आज भी इस सड़क की हालत जैसे की तैसी ही बनी है। स्थानीय गाँववासियों का कहना है कि जब भी उनके गाँव के विकास कार्यों की बात आती तो उन्हें हमेशा जनप्रतिनिधियों द्वारा अनदेखा कर दिया जाता है। ग्रामीणों ने विधायक प्रकाश राणा, जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया व स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से आने वाले समय में सड़क को शीघ्र अति शीघ्र पक्का करने का आग्रह किया है।
12 वर्षों से पक्का नहीं हो पाया मगरूनाला- रोपा संपर्क मार्ग

