Site icon Dainik Savera Times

शिमला में अवैध कुल्फी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई; नाली में फिंकवाई कुल्फियां

शिमला : राजधानी शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड, रिज मैदान और आसपास के क्षेत्रों में बिना लाइसेंस व बिना पहचान के बेची जा रही कुल्फियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी और लोगों की सेहत से खिलवाड़ की शिकायतों के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बिक रही कुल्फियों को जब्त किया और बड़ी मात्रा में कुल्फियां नष्ट कर नाली में फिंकवा दीं।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से मॉल रोड, रिज और लोअर बाजार क्षेत्र में कुछ रेहड़ी-फड़ी संचालक बिना किसी वैध अनुमति के कुल्फियां बेच रहे थे।

इन विक्रेताओं के पास न तो फूड लाइसेंस था और न ही खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों का पालन किया जा रहा था। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की लगातार शिकायतों के बाद विभाग ने कार्रवाई अमल में लाई।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई स्टॉलों की जांच की, जहां साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कुल्फियों को बिना ढक्कन और असुरक्षित तरीके से रखा गया था। मौके पर ही बड़ी मात्रा में कुल्फियां जब्त कर नष्ट की गईं।

फूड सेफ्टी ऑफिसर सुनील शर्मा ने बताया कि विभाग ने आज कुल पांच वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की जो रिज मैदान, मॉल रोड, आईजीएमसी और लोअर बाजार क्षेत्र में कुल्फियां बेच रहे थे। उन्होंने कहा कि कुल्फी बेचने में इस्तेमाल किए जा रहे लिफाफों पर न तो एक्सपायरी डेट अंकित थी और न ही यह स्पष्ट था कि कुल्फी बनाने में किस प्रकार के पानी और सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एडीएम पंकज शर्मा के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई है। सभी वेंडरों की कुल्फियां मौके पर ही डिस्ट्रॉय की गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद मॉल रोड से और कई अवैध विक्रेता मौके से गायब हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान इस तरह की अवैध बिक्री बढ़ जाती है, जिससे न केवल शहर की छवि खराब होती है बल्कि लोगों की सेहत भी खतरे में पड़ती है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत और लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।

Exit mobile version