कुल्लू: जिला कुल्लू के मनीकर्ण क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस थाना मनीकर्ण के अंतर्गत चरस बरामदगी के एक मामले में पुलिस ने तीन और नए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद 6 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
17 सितंबर को पुलिस थाना मनीकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस चौकी जरी की टीम ने केरल के रहने वाले दो युवकों के कब्जे से कुल 2.343 किलोग्राम चरस बरामद की थी, जिसके बाद दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था।
मुख्य आरोपियों से की गई पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की धरपकड़ तेज कर दी। इसी कड़ी में, मामले में संलिप्त पाए गए तीन अन्य आरोपियों (दो महिलाएं और एक पुरुष) को 24 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। ये तीनों आरोपी मनीकर्ण, जिला कुल्लू के ही रहने वाले हैं।

