Site icon Dainik Savera Times

शिमला पुलिस का बड़ा एक्शन: हरियाणा के युवक से 6 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन बरामद

शिमला: राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शोघी के समीप हरियाणा के एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस का कहना है कि यह वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी में से एक है।
एडिशनल एसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अब केवल नशा तस्करों के खिलाफ मामले दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क और बड़े सप्लायरों तक पहुंचकर उन्हें ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी क्षेत्र में सुनियोजित घेराबंदी कर हरियाणा के अंबाला निवासी विजय कुमार को गिरफ्तार किया।

आरोपी बाहरी राज्य से हेरोइन की बड़ी खेप लेकर शिमला पहुंचा था और तारादेवी क्षेत्र में अपने संपर्कों तक इसकी सप्लाई करने की तैयारी में था। पुलिस ने डिलीवरी से पहले ही उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.120 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

एडिशनल एसपी मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में जिला शिमला पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष फोकस किया है। इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Exit mobile version