Site icon Dainik Savera Times

कल से हिमाचल प्रदेश में बड़े बदलाव, जानिए क्या सस्ता, क्या महंगा, किसे फायदा?

हिमाचल डेस्कः प्रदेश में नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। 1 अप्रैल से सिर्फ तारीख नहीं बदलेगी, बल्कि आपकी आय और खर्च का पूरा गणित बदल सकता है। इन फैसलों का सीधा असर आपकी जेब, रोजमर्रा के खर्च और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। कहीं महंगाई बढ़ेगी, तो कहीं आमदनी में राहत मिलेगी। जानिए क्या सस्ता, क्या महंगा और किसे फायदा होगा…

बिजली होगी सस्ती

प्रदेश में एंट्री टैक्स बढ़ाया जा रहा है, जिससे बाहरी राज्यों से आने वाले सामान महंगे हो सकते हैं। इसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ सकता है। हालांकि सरकार ने इस फैसले को रद्द कर दिया है और फिर से पुराने एंट्री टैक्स को बहाल किया है। वहीं, बिजली दरों में 1 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को मामूली राहत मिलेगी।

विधायकों के वेतन पर अस्थायी रोक

राज्य के आर्थिक हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और कुछ अधिकारियों के वेतन का एक हिस्सा 6 महीने के लिए स्थगित किया गया है।

बीपीएल परिवारों की बेटियों की शादी को मिलेगी आर्थिक सहायता

80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की संपत्ति यदि महिला के नाम पर रजिस्टर्ड होती है, तो स्टाम्प ड्यूटी 4% ही रहेगी। इसके अलावा, बीपीएल परिवारों की बेटियों की शादी के लिए ₹51,000 की सहायता दी जाएगी। साथ ही शिक्षकों और पुलिस कांस्टेबल के 1,050 पद भरे जाएंगे।

शराब की कीमतें बढ़ेंगी

नई आबकारी नीति के तहत शराब की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। सरकार ने करीब 2900 करोड़ रुपये राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है, हालांकि दावा किया जा रहा है कि बढ़ोतरी सीमित रहेगी।

कर्मचारियों के लिए राहत

आंगनबाड़ी वर्कर्स, आशा वर्कर्स और चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। दिहाड़ी मजदूरों की मजदूरी बढ़ाकर 750 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के वेतन में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे हजारों परिवारों को फायदा मिलेगा।

पशुपालकों को फायदा

दूध के दाम बढ़ने से पशुपालकों की आय में इजाफा होगा। दूध के दाम बढ़ाए गए हैं, जिनके रेट…

गाय का दूध: 51 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर

भैंस का दूध: 61 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर

इससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

किसानों के लिए MSP में बढ़ोतरी

प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा:

गेहूं: 60–80 रुपये प्रति किलो

मक्का: 40–50 रुपये प्रति किलो

जौ (पांगी): 60–80 रुपये प्रति किलो

हल्दी: 90–150 रुपये प्रति किलो

अदरक: पहली बार 30 रुपये प्रति किलो MSP तय

इससे 2 लाख से अधिक किसानों की आमदनी बढ़ने की उम्मीद है।

राशन में बढ़ोतरी

प्रदेश सरकार पहली अप्रैल से एपीएल परिवारों को राहत देने जा रही है। APL परिवारों को अब 11 किलो की जगह 12 किलो आटा प्रति राशन कार्ड मिलेगा, जिससे लाखों परिवारों को राहत मिलेगी।

Exit mobile version