शिमला: नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ठियोग के रहीघाट निवासी आदतन नशा तस्कर सोहन लाल उर्फ हैप्पी (38) को PIT ND&PS एक्ट के तहत निरुद्ध किया है। सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी आदेश के तहत आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने 26 नवंबर को उसे उसके निवास स्थान रहीघाट से हिरासत में लेकर मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में दाखिल करवाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ डिटेंशन ऑर्डर नंबर CID/PIT ND&PS/2026-226-230 दिनांक 25 नवंबर 2026 के तहत कार्रवाई की गई है। सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश ने PIT ND&PS एक्ट की धारा 3(1) के तहत तीन माह के निरोध आदेश जारी किए थे। इसके अनुपालन में पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को निरुद्ध किया।
इस मामले में खास बात यह है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ पहले ही आर्थिक मोर्चे पर भी बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान और जब्ती के लिए की गई विस्तृत वित्तीय जांच के दौरान आरोपी की 1.64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को जब्त कर तस्करों की आर्थिक ताकत को कमजोर करना है।
गौर रहे कि PIT ND&PS एक्ट के तहत निरोध की कार्रवाई उन आदतन नशा तस्करों के खिलाफ की जाती है, जिनकी गतिविधियां समाज के लिए गंभीर खतरा बन रही हों। इसके माध्यम से ऐसे अपराधियों को नशे के अवैध कारोबार को आगे जारी रखने से रोकने के लिए निवारक कदम उठाए जाते हैं।
शिमला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ तस्करों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने और आदतन अपराधियों को निरुद्ध करने जैसी कार्रवाई भी कर रही है। सोहन लाल की निरोध कार्रवाई के बाद शिमला पुलिस द्वारा PIT ND&PS एक्ट के तहत निरुद्ध किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 52 पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)

