Site icon Dainik Savera Times

मेजर कंडोला की सेवाओं को राज्यपाल ने सराहा, जतिन गर्ग को सौंपी नई जिम्मेदारी

Major Takes Charge as Governor’s New ADC : शिमला। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने एडीसी (एड-डी-कैंप) मेजर गुरतेक सिंह कंडोला को उनके कार्यकाल के पूर्ण होने पर भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर लोकभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी मेजर कंडोला की सेवाओं को याद करते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मेजर जतिन गर्ग ने राज्यपाल के नए एडीसी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। विदाई समारोह के दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मेजर गुरतेक सिंह कंडोला की व्यावसायिक दक्षता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेजर कंडोला ने अपने कार्यकाल के दौरान सौंपे गए सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ किया। राज्यपाल ने उनके व्यवहार, कार्यशैली और सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाया और अपने कार्य से एक सकारात्मक छाप छोड़ी है।

राज्यपाल ने मेजर कंडोला को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज ने भी मेजर कंडोला की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पूरी व्यावसायिक दक्षता और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों को निभाया। राज्यपाल के ओएसडी साहिल वर्मा ने भी उनके पेशेवर आचरण और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। वहीं, मेजर गुरतेक सिंह कंडोला ने अपने कार्यकाल के दौरान राज्यपाल सहित लोकभवन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

इससे पूर्व, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मेजर जतिन गर्ग को गोल्डन ऐगुइलेट (Golden Aiguillette) प्रदान किया। यह सम्मान राज्यपाल के नए एडीसी के रूप में उनके कार्यभार संभालने का औपचारिक प्रतीक है। इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी डॉ. अमित शर्मा, मेजर कंडोला की पत्नी तन्वी कंडोला तथा लोकभवन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version