Site icon Dainik Savera Times

विधानसभा की कार्यवाही समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य : पठानियां

Making Assembly Proceedings Accessible to Every Citizen : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है, ताकि आम नागरिक जान सके कि उसके चुने हुए जनप्रतिनिधि सदन में प्रदेश और देश के हित में किन मुद्दों को उठा रहे हैं।

तपोवन विधानसभा परिसर में शीतकालीन सत्र की कार्यवाही देखने पहुंचे करीब 300 स्कूली विद्यार्थियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं। युवाओं के लिए इनकी कार्यप्रणाली समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संसदीय प्रणाली, चुनाव प्रक्रिया, लोकसभा और राज्यसभा की संरचना तथा विधायिका की भूमिका की जानकारी देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

 

लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि आम नागरिक को भी पता हो कि उसके द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि सदन में प्रदेश और देश के हित में क्या सोच रखते हैं तथा किन मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास और मजबूत होगा। पठानियां 14वीं विधानसभा के 13वें शीतकालीन सत्र के चौथे दिन तपोवन विधानसभा परिसर में सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे जिला कांगड़ा और चंबा सहित अन्य क्षेत्रों के स्कूली विद्यार्थियों से रूबरू होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं।

इन संस्थाओं की कार्यप्रणाली को समझना प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह विद्यार्थी विधानसभा की कार्यवाही देखने में रुचि दिखा रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि नई पीढ़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने के प्रति जागरूक हो रही है। सशक्त लोकतंत्र ही सुशासन का आधार है। विद्यार्थियों को संसदीय प्रणाली की जानकारी मिलने से उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी। इस अवसर पर करीब 300 छात्र-छात्राओं ने विधानसभा की कार्यवाही देखी।

इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडू और थुलेल जिला चंबा, सैनिक स्कूल सुजानपुर जिला हमीरपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धीरा जिला कांगड़ा तथा एटीसी टॉपर शाहपुर के विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से उनके कार्यालय कक्ष के बाहर गेट नंबर-2 पर शिष्टाचार भेंट भी की। इस दौरान पठानियां ने विद्यार्थियों से अलग-अलग बातचीत की और उन्हें देश में प्रचलित संसदीय प्रणाली तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। पठानियां ने विद्यार्थियों को लोकसभा और राज्यसभा की संरचना, चुनाव प्रक्रिया तथा दोनों सदनों की भूमिका की जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा के लिए सांसदों का चुनाव जनता सीधे करती है।

लोकसभा में बहुमत प्राप्त दल या गठबंधन सरकार बनाता है। बहुमत प्राप्त दल अपने नेता का चुनाव करता है, जो प्रधानमंत्री बनता है और इसके बाद मंत्रिपरिषद का गठन होता है। उन्होंने राज्यसभा के बारे में बताया कि इसके सदस्यों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य करते हैं, जबकि 12 सदस्यों को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं। उन्होंने बताया कि लोकसभा का कार्यकाल सामान्य तौर पर पांच वर्ष का होता है, जबकि राज्यसभा एक स्थायी सदन है और इसके सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष का होता है। राज्यसभा को उच्च सदन और लोकसभा को निम्न सदन कहा जाता है। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को राज्य की संसदीय व्यवस्था के बारे में भी बताया।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सदस्यों का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाता है। निर्वाचित सदस्य मिलकर विधानसभा का गठन करते हैं और बहुमत प्राप्त दल प्रदेश में सरकार बनाता है। उन्होंने कानून निर्माण की प्रक्रिया और सदन की भूमिका को समझाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधायिका की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पठानियां ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवाओं को देश की संसदीय परंपराओं, संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी होनी चाहिए। विधानसभा की कार्यवाही को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का उद्देश्य भी यही है कि वे केवल किताबों में लोकतंत्र को पढ़ें नहीं, बल्कि सदन की वास्तविक कार्यवाही देखकर उसे समझें और जागरूक नागरिक बनें।

Exit mobile version