Site icon Dainik Savera Times

मंडी में पहाड़ी दरकने से हाईवे बंद…लोगों की बढ़ीं मुश्किलें, राहत कार्य जारी

Mandi Highway Closed

 मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में प्राकृतिक आपदा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आपको बता दें कि, आज सुबह पंडोह के नजदीक दियोड़ क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरने से चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। इस घटना के चलते हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही पहाड़ी से चट्टानें खिसकने का क्रम जारी है। लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण न केवल ट्रैफिक रुका हुआ है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। कई लोग मजबूर होकर आस-पास के सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को विवश हैं।

-राहत कार्यों में बाधा:

प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और सड़क खोलने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है। लेकिन लगातार गिरते मलबे और बारिश के चलते राहत कार्यों में बाधा आ रही है। सुरक्षा को देखते हुए नौ मील और औट में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

-पुलिस की निगरानी:

पंडोह पुलिस चौकी के एएसआई अनिल कटोच ने बताया कि सभी वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अलर्ट का पालन करने की अपील की है।

-पहले से आपदा की चपेट में मंडी:

गौरतलब है कि 30 जून के बाद से मंडी जिला बादल फटने, भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ जैसी घटनाओं से लगातार प्रभावित हो रहा है। अब तक जिले में 14 लोगों की मौत हो चुकी है और 31 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। पूरे राज्य में मानसून शुरू होने के बाद से बारिश से संबंधित हादसों में मरने वालों की संख्या 69 तक पहुंच गई है।

-मौसम विभाग का अलर्ट:

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version