मंडी। भविष्य सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जड़ोल में जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी द्वारा करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सही करियर का चयन करने, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जागरूक किया। साथ ही विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने और निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रवक्ता जोगिंदर सिंह एवं भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता राम लाल ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर चुनने, शिक्षा के विभिन्न विकल्पों को समझने तथा भविष्य की बेहतर तैयारी करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों द्वारा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के प्रतिनिधियों ने स्वरोजगार, कौशल विकास एवं उद्यमिता से संबंधित विभिन्न अवसरों के बारे में जागरूक किया। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों की सरकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी भी साझा की गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या बिंद्रा देवी का शिविर के सफल आयोजन, उचित समन्वय एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।
📍 Location: Mandi (Mandi)

