मंडी: मत्स्य विभाग के निदेशक एवं प्रारक्षी ओम कान्त ठाकुर ने सुंदरनगर के तहत आने वाले मत्स्य फार्म अलसू का दौरा किया। उन्होंने फार्म की स्थिति, मछली उत्पादन और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फार्म में मौजूद सुविधाओं का सही और अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए।
निदेशक ने कहा कि विभाग का उद्देश्य मछली उत्पादन बढ़ाना और लोगों को बेहतर गुणवत्ता की ताजा मछली उपलब्ध करवाना है। उन्होंने फार्म से तैयार होने वाली मछली की बिक्री बढ़ाने के लिए होम डिलीवरी शुरू करने की संभावना तलाशने को कहा। इससे लोगों को घर पर ही ताजा मछली मिल सकेगी और फार्म की मछली को स्थानीय बाजार भी मिलेगा।
पानी की समस्या दूर करने पर जोर
फार्म में पानी की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। अलसेड खड्ड से अलसू फार्म तक आने वाली पानी की लाइन पिछले कुछ वर्षों से प्राकृतिक आपदा के कारण खराब पड़ी है। निदेशक ने इस लाइन की मरम्मत करवाकर इसे दोबारा चालू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की व्यवस्था ठीक होने से फार्म में मछली के बीज तैयार करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे पानी की कमी के कारण होने वाली परेशानी भी दूर होगी।
खराब तालाबों को नए तरीके से इस्तेमाल करने के निर्देश
निदेशक ने फार्म में खराब पड़े तीन रियरिंग तालाबों को मिलाकर एक बड़ा तालाब बनाने के निर्देश दिए। इससे मछली पालन के लिए अधिक जगह उपलब्ध होगी और उत्पादन बढ़ाया जा सकेगा। विभाग का लक्ष्य मछली के बीज के साथ करीब 500 किलोग्राम मछली के उत्पादन और बिक्री को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों को फार्म की सभी उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने के लिए भी कहा।
सोशल मीडिया से होगा प्रचार
फार्म की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रचार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। स्थानीय लोगों, मछली पालकों और युवाओं को फार्म की सुविधाओं और मछली पालन से जुड़ी जानकारी देने पर जोर दिया गया।
इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार करने को कहा गया। साथ ही मनाली-चंडीगढ़ फोरलेन के पास फार्म के नजदीक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों और पर्यटकों को फार्म तक पहुंचने में आसानी हो। फार्म से लोग मछली का बीज, सजावटी मछली और खाने वाली मछली भी खरीद सकेंगे। इस मौके पर सहायक निदेशक (मत्स्य) मंडी नीतू सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...