सरकार की नीतियों के खिलाफ मनाली में 10 को जनआंदोलन : ठाकुर
August 6, 2026
Mass protest in Manali on 10th : कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने जनआंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। 10 अगस्त को मनाली में प्रस्तावित विशाल प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए भाजपा मनाली और नग्गर मंडल ने संयुक्त बैठक कर रणनीति बनाई और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
बैठक में तैयार की आंदोलन की रुपरेखा
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने की। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। मनाली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, जबकि स्थानीय विधायक केवल पहले से स्वीकृत योजनाओं का श्रेय लेने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जनता को विकास नहीं, केवल घोषणाएं और आश्वासन मिले हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने के बावजूद क्षेत्र की सड़कों की हालत अत्यंत दयनीय बनी हुई है। विशेष रूप से लेफ्ट बैंक सड़क पिछले चार वर्षों से बदहाल स्थिति में है, लेकिन सरकार और संबंधित जनप्रतिनिधियों ने इसे सुधारने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किए।
जनता सरकार से हो रही नाउम्मीद
इसका खामियाजा स्थानीय लोगों, किसानों, व्यापारियों और हजारों पर्यटकों को रोजाना भुगतना पड़ रहा है। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार वर्ष पूरे होने के बावजूद जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों ने सरकार से उम्मीद छोड़ दी है। प्रदेश सरकार की जनविरोधी कार्यप्रणाली, विकास के प्रति उदासीनता और जनता की उपेक्षा के खिलाफ अब जनता स्वयं सड़कों पर उतरने को मजबूर है। उन्होंने मनाली विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा तथा आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे 10 अगस्त को मनाली में आयोजित जनआंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं और इस जनआंदोलन को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।