Site icon Dainik Savera Times

वीकेंड पर पहाड़ों की रानी शिमला में उमड़ा सैलानियों का सैलाब; लेकिन ट्रैफिक और भीड़ ने बढ़ाई चुनौती

शिमला : वीकेंड की छुट्टियों और मैदानी इलाकों पर बढ़ती गर्मी का असर शनिवार को पहाड़ों की रानी शिमला में साफ देखने को मिला, जब शहर में पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। सुहावने मौसम का आनंद लेने पहुंचे सैलानियों की वजह से मॉल रोड, रिज मैदान, स्कैंडल प्वाइंट, लक्कड़ बाजार और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थल दिनभर खचाखच भरे रहे। पर्यटकों की भारी आमद से जहां एक ओर पर्यटन कारोबार को बड़ी राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर की यातायात व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ गया।

कई स्थानों पर लंबे जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिनभर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धार्मिक पर्यटन स्थलों पर भी भीड़ देखने को मिली। राजधानी के प्रतिष्ठित जाखू मंदिर और कालीबाड़ी मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। वहीं पर्यटन स्थल कुफरी, फागू, नालदेहरा, मशोबरा में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक वादियों और एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लिया। होटल कारोबारियों के अनुसार, वीकेंड के चलते शहर के अधिकांश होटल और होमस्टे में 70 से 80 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जिससे कारोबार में रौनक लौट आई है।

टैक्सी ऑपरेटरों ने भी बढ़ी हुई बुकिंग को सकारात्मक संकेत बताया है। भीड़ बढ़ने से शहर के कई हिस्सों में अव्यवस्थित पाकिंर्ग और पैदल आवाजाही की समस्या भी सामने आई। विशेष रूप से मॉल रोड लिफ्ट पर पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई पर्यटक वैकल्पिक रास्तों की तलाश करते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीकेंड पर्यटन का लाभ तो मिल रहा है, लेकिन भीड़ प्रबंधन और ट्रैफि क नियंत्रण के लिए अधिक प्रभावी व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।

Exit mobile version