Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल के एशियाई खेल पदक विजेताओं को 5.33 करोड़ की पुरस्कार राशि

September 28, 2026

हिमाचल के एशियाई खेल पदक विजेताओं को 5.33 करोड़ की पुरस्कार राशि

Medal Winners to Receive Major Cash Rewards : शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एशियाई खेलों में हिमाचल के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। कबड्डी की महिला स्वर्ण पदक विजेताओं पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये, जबकि मैराथन में रजत पदक विजेता सावन बरवाल को 2.50 करोड़ और 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम की महिला खिलाड़ी पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। कबड्डी खिलाड़ियों को कुल 1.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं पुरूषों की मैराथन प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा इन खिलाड़ियों को कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार ने पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है।

ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़ रुपये, रजत के लिए 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 2 करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण के लिए 4 करोड़ रुपये, रजत के लिए 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य के लिए 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का प्रावधान किया है। राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 3 करोड़ रुपये, रजत के लिए 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 1 करोड़ रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा संबंधी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई है। 200 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले खिलाड़ियों को एसी 3-टियर ट्रेन का किराया दिया जा रहा है जबकि 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले खिलाड़ी हवाई यात्रा में इकोनॉमी क्लास टिकट के लिए पात्र हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें