Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

500 करोड़ रुपये से किया जा रहा मेडिकल कॉलेजों की मशीनों का आधुनिकीकरणः CM सुक्खू

August 30, 2026

500 करोड़ रुपये से किया जा रहा मेडिकल कॉलेजों की मशीनों का आधुनिकीकरणः CM सुक्खू

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही है। इन मेडिकल कॉलेजों में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इस तरह की मशीनें अभी केवल दिल्ली के एम्स में ही उपलब्ध हैं। बिलासपुर के एम्स, लुधियाना और जालंधर जैसे शहरों में भी इस तरह की सुविधाएं अभी उपलब्ध नहीं हैं।

नादौन विधानसभा क्षेत्र के गांव कांगू में आज जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक टैक्नोलॉजी की मशीनरी के आने से डायग्नॉस्टिक सेवाएं सुदृढ़ एवं सटीक होंगी और लोगों को तुरंत सही उपचार मिलेगा। मेडिकल कॉलेजों के अलावा प्रदेश सरकार सभी 70 आदर्श चिकित्सा संस्थानों में भी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्तियां कर रही है, ताकि लोगों को घर के पास बेहतर उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार 300 मेडिकल ऑफिसरों के अलावा 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्तियां करने जा रही है। इसी कड़ी में नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में भी डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं, जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का शीघ्र ही शुभारंभ कर दिया जाएगा। यहां उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान खोला जाएगा। इस संस्थान में इसी वर्ष से दाखिले शुरू करनेे के लिए वाइस चांसलर को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अब अलाइड हेल्थ सर्विसेज से संबंधित प्रोफेशनल्स हमीरपुर में ही तैयार किए जाएंगे।

क्षेत्रवासियों से जन स्वास्थ्य शिविर का भरपूर लाभ उठाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में नादौन और हमीरपुर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे। कांगू के सीनियर सेकेंडरी स्कूल को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का दर्जा दिया गया है। इसमें नए भवन का निर्माण किया जाएगा तथा बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। प्राइमरी स्कूल के भवन का निर्माण कार्य भी जल्द ही आरंभ किया जाएगा। चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद आज हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहा है और स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित सभी मुख्य क्षेत्रों के लिए बजट की कोई कमी नहीं रखी जा रही है।

इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया, ओबीसी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष ढटवालिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसपी बलवीर सिंह, अन्य अधिकारी, क्षेत्र के पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें