Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (फेज-4) के तहत बस रूटों के निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित

August 1, 2026

राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (फेज-4) के तहत बस रूटों के निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित

सरकाघाट: राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (फेज-4) के अंतर्गत उपमंडल सरकाघाट में बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से शनिवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में गोपालपुर विकास खंड के सभी नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर योजना के अंतर्गत संचालित किए जाने वाले संभावित बस रूटों का निर्धारण किया गया। रूट तय करते समय उन दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई, जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित अथवा उपलब्ध नहीं है।

उपमंडलाधिकारी राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि बस रूटों का निर्धारण स्थानीय आवश्यकताओं तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर किया गया है। यदि कोई गांव अथवा क्षेत्र प्रारंभिक सूची में शामिल होने से रह जाता है, तो हिमाचल पथ परिवहन निगम के साथ समन्वय स्थापित कर उसे आगामी चरण में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने तथा पात्र बेरोजगार युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ सकें और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी सुदृढ़ हो सके।

बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) सरकाघाट के क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार, लोक निर्माण विभाग मंडल सरकाघाट के अधिशासी अभियंता भूपेंद्र पाल, रोजगार कार्यालय सरकाघाट के प्रभारी, विकास खंड कार्यालय गोपालपुर के पंचायत निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: मंडी (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें