Site icon Dainik Savera Times

सरकाघाट में दिवाली की तैयारियों को लेकर बैठक, बहुमंजिला भवन में लगेंगे पटाखों के स्टॉल

सरकाघाट: दिवाली के दौरान बाजार में सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट में तहसीलदार मनीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पटाखों की बिक्री के लिए नगर परिषद के बहुमंजिला भवन में स्टॉल लगाए जाएंगे, जबकि बाजार आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए संयुक्त सचिवालय के समीप स्थित अस्थायी पार्किंग स्थल का उपयोग किया जाएगा।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सरकाघाट बाजार में दुकानों पर पटाखों की खुली बिक्री नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, खाद्य आपूर्ति एवं स्वास्थ्य विभाग को व्यापार मंडल के सहयोग से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दुकानों का निरीक्षण करने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने तथा पुलिस विभाग को बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में व्यापार मंडल सरकाघाट के प्रधान ब्रह्मदास, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से देश राज ठाकुर, पुलिस विभाग से सुनील कुमार, अग्निशमन विभाग से जयपाल तथा विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version