Dainik Savera Times

शिमला के शांकली में बच्ची पर कुत्तों के हमले को लेकर नगर निगम को ज्ञापन

शिमला: शिमला नागरिक सभा का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष जगमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में आज नगर निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी से मिला और शांकली में कुत्तों द्वारा 2 वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किए जाने की घटना को लेकर ज्ञापन सौंपा। नागरिक सभा ने मांग की कि घायल बच्ची के उपचार का पूरा खर्च नगर निगम/प्रशासन वहन करे तथा पीड़ित परिवार को ₹2 लाख मुआवजा दिया जाए।

नागरिक सभा ने कहा कि शिमला शहर में कुत्तों, बंदरों एवं लंगूरों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के साथ कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्कूलों, अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक रास्तों के आसपास भी नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में विशेष ABC एवं रेबीज टीकाकरण अभियान, कम से कम 5 प्रभावी ABC सेंटर, निर्धारित फीडिंग पॉइंट, आक्रामक कुत्तों के मामलों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई, आपातकालीन हेल्पलाइन, वार्ड स्तर पर निगरानी समितियों तथा नगर निगम की कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई। साथ ही कुत्तों, बंदरों एवं लंगूरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम, वन विभाग, पशुपालन विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त उच्च स्तरीय समिति गठित करने की मांग भी की गई।

शिमला नागरिक सभा ने कहा कि नगर निगम को जनता की सुरक्षा के मामले में गंभीरता से तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। यदि 7 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो शिमला नागरिक सभा नगर निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन एवं प्रदर्शन करेगी। प्रतिनिधिमंडल में महेश वर्मा, बालक राम, जगत राम रावत, रत्ती राम, मोहर लाल, संजय, भूपिंदर सिंह, हेमा, कमला, सुषमा, पूजा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version