Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिलासपुर में प्रवासी महिला की हत्या, सेप्टिक टैंक में मिला शव

February 9, 2026

बिलासपुर में प्रवासी महिला की हत्या, सेप्टिक टैंक में मिला शव

बिलासपुर: बिलासपुर शहर से सटी ओयल पंचायत के अंतर्गत आने वाले दनोह गांव में एक प्रवासी महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके पति और देवर ने मिलकर की और शव को घर के पानी के टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट लगाकर बंद कर दिया। हैरानी की बात यह है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति और देवर मौके से फरार होकर अपने मूल गांव झारखंड चले गए।

काफी दिनों तक महिला के संपर्क में न आने पर उसके परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद वे महिला की तलाश में बिलासपुर पहुंचे। परिजन जब ओयल पंचायत स्थित महिला के किराए के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। जांच के दौरान घर में बने पानी के टैंक पर संदेह हुआ, जिस पर सीमेंट की नई परत लगी हुई थी। टैंक को खुलवाने पर उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ,जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रवासी महिला के रूप में हुई है और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पति और देवर की संलिप्तता सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है। वहीं इस जघन्य हत्या से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें