धर्मशाला: जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला शहर में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है,जहां साइबर ठगों ने एक महिला का सिम कार्ड क्लोन कर उसके बैंक खातों से लाखों रुपये निकाल लिए। पुलिस ने कोतवाली बाजार निवासी निशा सूद की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार ठगी की शुरूआत प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े एक संदिग्ध लिंक से हुई। जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया,उनके मोबाइल फोन का नेटवर्क अचानक बंद हो गया।
इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनका सिम क्लोन कर लिया और सभी आने वाली कॉल्स को किसी अज्ञात नंबर पर फॉरवर्ड कर दिया। नेटवर्क बाधित होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला के दो बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकाल लिए। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से करीब 2.40 लाख रुपये जबकि एचडीएफसी बैंक के खाते से 4,04,996 रुपये की राशि निकाल ली गई। इस तरह कुल 6,44,996 रुपये की ठगी की गई।
पीड़िता ने इस मामले में बैंकिंग सिस्टम पर भी सवाल उठाए हैं और एचडीएफसी बैंक की कोतवाली बाजार शाखा के एक कर्मचारी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और एसएसपी साइबर क्राइम को शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संबंधित बैंक खातों को तत्काल फ्रीज कर दिया गया। पुलिस थाना धर्मशाला में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच हवलदार सुनील कुमार को सौंपी गई है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

