सुजानपुर(गौरव जैन) : पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने बुधवार को प्रेस बयान जारी कर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए हैं कि राज्य में मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत सहायकों को पिछले 6 माह से पूरे वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। राणा ने कहा कि इन सहायकों को केवल केंद्र द्वारा दी गई 3500 की ग्रांट इन ऐड ही मिल रही है, जबकि उनकी सैलरी 6700 है।
प्रदेश सरकार द्वारा कागजी रूप से 300 का वेतन बढ़ोतरी का भी ऐलान किया गया था, लेकिन इसका लाभ इन सहायकों को नहीं मिल रहा। पूर्व विधायक ने कहा कि पहले तो प्रदेश सरकार मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन विपक्ष द्वारा विरोध किए जाने पर सरकार ने मिनी आंगनबाड़ी को बंद तो नहीं किया, लेकिन सहायकों के वेतन में कटौती कर उनके परिवारों को संकट में डाल दिया है।

