Site icon Dainik Savera Times

सायर मेले में पहुंचे मंत्री अनिरुद्ध सिंह, तलाई को पर्यटन स्थल बनाने का ऐलान

Minister Anirudh Singh Attends Sair Fair : शिमला। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह आज कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र के मशोबरा स्थित तलाई में आयोजित सायर मेले में मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भद्रकाली माता तलाई के मंदिर में पूजा अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर उन्होंने सायर मेले में उपस्थित सभी मेला प्रेमियों को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश एक बहु सांस्कृतिक और बहुभाषी राज्य है। यहां की संस्कृति, पारंपरिक लोक नृत्य, संगीत, कलाकृतियाँ एवं परंपराएं प्रदेश को अलग पहचान दिलाती है। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में सायर मेला बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है और यह मेला झोटों के दंगल के लिए भी जाना जाता था लेकिन हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के पालनार्थ झोटों के दंगल को बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सायर मेले से लोग अपनी फसल की कटाई भी आरंभ करते हैं।

उन्होंने कहा कि इन पौराणिक मेलों को जीवंत रखना हमारा परम कर्तव्य है ताकि आने वाली पीढ़ी को भी पौराणिक संस्कृति, सभ्यता एवं परंपराओं की जानकारी हासिल हो सके और परंपराओं को निभाने में वह सक्षम हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पिछले काफी समय से लगातार पंचायतों के सुधारीकरण एवं महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रक्रिया आरंभ की हुई है जिस कारण वर्तमान में सरकार के प्रयासों से अधिकतर पंचायतें सशक्त एवं आधुनिक सुविधाओं से लैस हुई है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए भी सरकार की ओर से अनेकों योजनाएं चलाई गई है ताकि महिलाएं संगठित भी हो और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सके। विकास की चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र में चार सड़के स्वीकृत की गई हैं जिसमें ग्राम पंचायत मशोबरा की भी एक सड़क शामिल है। उन्होंने कहा कि अब तक इस विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के 150 से अधिक एफआरए के मामले स्वीकृत किए जा चुके हैं जिसमें पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, कच्चे रास्ते, स्कूल भवन, पुल तथा पंचायत क्षेत्र के गावों को जोड़ने वाली सड़कें शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र की जितनी भी छोटी-छोटी सड़के हैं मांगों के अनुरूप उनके निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही है। उन्होंने कहा कि मशोबरा पंचायत क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन साल के दौरान अपेक्षा से अधिक विकास कार्य किए गए हैं। *मशोबरा के तलाई क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से किया जाएगा विकसित-अनिरुद्ध सिंह* उन्होंने कहा कि तलाई बहुत ही खूबसूरत जगह है जिसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

Exit mobile version