Site icon Dainik Savera Times

ओडिशा के छात्रों से मिले मंत्री राजेश धर्माणी

मनाली: ‘युवा संगम-7’ कार्यक्रम के तहत ओडिशा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से हिमाचल प्रदेश भ्रमण पर आए 59 छात्र-छात्राओं ने मनाली के माल रोड पर हिमाचल की संस्कृति और स्थानीय जीवन को करीब से जाना। ये छात्र-छात्राएं ओडिशा के 32 जिलों से हिमाचल प्रदेश पहुंचे हैं तथा 1 से 10 अक्तूबर, 2026 तक आईआईटी हमीरपुर/हिमाचल के निर्धारित शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

मनाली के माल रोड पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण तथा नगर एवं ग्राम योजना मंत्री, राजेश धर्माणी ने ओडिशा से आए छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से हिमाचल प्रदेश के बारे में उनकी जानकारी, यहां की संस्कृति, पर्यटन स्थलों तथा स्थानीय परंपराओं के संबंध में बातचीत की और उनके अनुभव भी जाने।

मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से संवाद करते हुए उन्हें मनाली की स्थानीय संस्कृति एवं खान-पान से भी परिचित करवाया। इस अवसर पर उन्होंने ओडिशा से आए छात्रों के साथ माल रोड पर मोमो का आनंद लिया। विद्यार्थियों ने हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, आतिथ्य और स्थानीय संस्कृति की सराहना की।

इस अवसर पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी उपस्थित रहे। ‘युवा संगम’ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है, जिसके माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, शिक्षा, पर्यटन और जीवनशैली को समझने का अवसर प्रदान किया जाता है।

📍 Location: Kullu (Kullu)

Exit mobile version