नई दिल्ली: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज जानकारी देते हुए बताया की ऊना हिमाचल से चल कर सहारनपुर जाने वाली ट्रेन अब हरिद्वार तक चलाई जाएगी। अनुराग ठाकुर ने उपरोक्त निर्णय हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद ज्ञापन किया और कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को काफी लाभ मिलेगा और तीर्थाटन में बढ़ोतरी होगी। अनुराग ठाकुर ने कहा केंद्र में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और हिमाचल का प्रतिनिधि होने के नाते में सदैव यहां के विकास हेतु कार्यरत हूं व हिमाचल प्रदेश में बेहतर कनेटिविटी सुविधा उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता में है।
हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक स्थल है और हिमाचल से बड़ी संख्या में लोग तीर्थाटन करने हरिद्वार जाते हैं।हिमाचल के यात्रीगण ट्रेन से सीधा ही हरिद्वार तक जा सकें ऐसी सुविधा के लिए मैंने व्यक्तिगत रूप से रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव जी से मिलकर अनुरोध किया था। मुङो यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि ऊना हिमाचल- सहारनपुर मेमो जो ऊना से चल कर सहारनपुर तक जाती थी उसके एक्सटेंशन की मंजूरी रेलमंत्री ने दे दी है।
यह ट्रेन अब ऊना से हरिद्वार तक चलाई जाएगी जिससे यात्रियों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। मैं इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव जी का आभार प्रकट करता हूं। अनुराग ठाकुर ने कहा विकास ही हमारी प्राथमिकता है और मोदी सरकार ने ऊना को सौगातें देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की चौथी वन्दे भारत ट्रेन की सौगात हिमाचल को दी जिसके शुभारंभ के लिए खुद मोदी ऊना आये थे।
हिमाचल में अब हिंदुस्तान की सबसे आधुनिक ट्रेन भाजपा के कारण ही चल पड़ी है।
हिमाचल प्रदेश में रेलसेवाओं का विस्तार हो, हिमाचल को कनेक्टिविटी से जुड़ी कोई समस्या ना हो इसके लिए मोदी सरकार नई ट्रेनें चलाने से लेकर जरूरी इंफ्ऱास्ट्रर डेवलपमेंट इत्यादि पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। वित्तवर्ष 2023 – 24 के लिए हिमाचल प्रदेश में रेलवे विस्तार के लिए 1838 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।

