Last Updated: November 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व मुख्यमंत्री लछमन सिंह गिल की पंजाबी भाषा को दी गई देन सदियों तक याद रहेगी : जसवंत सिंह जफर

November 26, 2026

पूर्व मुख्यमंत्री लछमन सिंह गिल की पंजाबी भाषा को दी गई देन सदियों तक याद रहेगी : जसवंत सिंह जफर

मोगाः पंजाबी भाषा को पंजाब की सरकारी भाषा का दर्जा दिलाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स. लछमन सिंह गिल की जन्मभूमि गांव चूहड़चक्क में भाषा विभाग पंजाब की ओर से पंजाबी माह-2026 के तहत विशेष स्मृति समारोह करवाया गया। कैप्टन गुरदित्त सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चूहड़चक्क में आयोजित इस समारोह में वक्ताओं ने स. गिल के जीवन, उनकी सोच और पंजाबी भाषा के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि मातृभाषा के सम्मान और उसके विकास के लिए स. गिल का योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

जिला भाषा कार्यालय मोगा की ओर से भाषा विभाग के डायरेक्टर स. जसवंत सिंह जफर के नेतृत्व में करवाए गए इस समारोह में स. लछमन सिंह गिल के बेटे गुरमीत सिंह गिल, बेटियां सतवंत कौर और किरण कौर तथा रिश्तेदार जसपाल सिंह सिद्धू विशेष तौर पर शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता पंजाबी साहित्य अकादमी लुधियाना के पूर्व अध्यक्ष और पंजाब यूनिवर्सिटी के सीनेट सदस्य डॉ. सुखदेव सिंह सिरसा ने की।

समारोह की शुरुआत हरविंदर सिंह रोडे और लखविंदर सिंह के कविशरी जत्थे ने ‘गिल लछमन सिंह को सलाम लिखिए’ और ‘मैं कैसे दूं देन अपनी मां बोली पंजाबी की’ रचनाओं के गायन से की। गांववासियों की ओर से मास्टर मनदीप सिंह ने मेहमानों का स्वागत किया।

भाषा विभाग के डायरेक्टर जसवंत सिंह जफर ने कहा कि समारोह का उद्देश्य स. लछमन सिंह गिल के पंजाबी भाषा के लिए किए गए यादगार कार्यों को सम्मानपूर्वक याद करना और उनकी जन्मभूमि से पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के लिए काम करने की प्रेरणा हासिल करना है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के लिए पद पर रहने की अवधि नहीं, बल्कि उस दौरान किए गए कार्य मायने रखते हैं। स. गिल मुख्यमंत्री के तौर पर केवल नौ महीने कार्यरत रहे, लेकिन पंजाबी भाषा के लिए ऐसा ऐतिहासिक काम कर गए, जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा।

मुख्य वक्ता डॉ. कुलदीप सिंह, पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के पूर्व प्रोफेसर, ने स. गिल द्वारा पंजाबी को राजभाषा बनाने के लिए किए गए प्रयासों पर शोधपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विधानसभा में स. गिल द्वारा दिए गए भाषण के अंश भी पढ़कर सुनाए। उन्होंने कहा कि स. गिल का मुख्य उद्देश्य नौजवान पीढ़ी को उच्च शिक्षा देना और पंजाबी भाषा को उसका उचित स्थान दिलाना था। उन्होंने अपने छोटे कार्यकाल में शिक्षा और मातृभाषा को विशेष प्राथमिकता दी।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सुखदेव सिंह सिरसा ने कहा कि आज अंग्रेजी को विकास और बाजार की भाषा के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय और मातृभाषाओं के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भाषा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन किसी एक भाषा के नाम पर दूसरी भाषाओं को खत्म करने के विरोधी हैं। उन्होंने चीन, जापान और रूस जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि अपनी भाषा को प्राथमिकता देकर भी विश्व स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

स. जसपाल सिंह सिद्धू ने परिवार की ओर से विचार साझा करते हुए स. गिल के सरल और कर्मयोगी जीवन की यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि स. गिल ने अपने रिश्तेदारों को भी उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया। पूर्व पुलिस अधिकारी गुरप्रीत सिंह तूर ने भी स. गिल के जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। जिला भाषा अधिकारी डॉ. अजीतपाल सिंह जटाणा ने मेहमानों और दर्शकों का धन्यवाद किया।

समारोह के अंत में सिरजना आर्ट ग्रुप रायकोट की टीम ने डॉ. सोमपाल हीरा के निर्देशन में सुरजीत पातर की कविताओं पर आधारित नाटक ‘भाषा बहता दरिया’ प्रस्तुत किया। नाटक में परविंदर सिंह, इंदरजीत सिंह, गुरदीप सिंह और गुरनूर सिंह ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। मंच संचालन शोध अधिकारी डॉ. सुखदर्शन सिंह चहल ने किया।

समारोह की सफलता में योगदान देने वाले स्कूल के प्रिंसिपल हरप्रीत सिंह, डॉ. सुरिंदरपाल शर्मा अमेरिका, इकविंदर सिंह गिल अमेरिका, बीबा जस ढिल्लों और स. लछमन सिंह गिल के परिवारिक सदस्यों को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व डीजीपी परमदीप सिंह गिल, जिला भाषा अधिकारी फिरोजपुर जगदीप संधू, नामवर लेखक बलदेव सिंह सड़कनामा, डॉ. सुरजीत बराड़, गांव की पंचायत के प्रतिनिधि, साहित्यकारों और बड़ी संख्या में पंजाबी भाषा प्रेमियों ने शिरकत की।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें