Site icon Dainik Savera Times

18 से 25 सितंबर के मध्य होगा हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र

शिमलाः मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का सात दिवसीय मानसून सत्र 18 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि राज्य में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पैदा हुए संकट की वजह से मानसून सत्र में देरी हुई क्योंकि मरम्मत और राहत कार्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सुक्खू ने सोमवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से भी मुलाकात की और उन्हें राज्य में हुई भारी बारिश, बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की वजह से जान-माल के नुकसान के बारे में अवगत कराया। उन्होंने राज्यपाल को प्रभावित क्षेत्रों में सरकार द्वारा किये जा रहे राहत कार्यों और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी जानकारी दी।

सुक्खू ने कहा कि राज्यपाल ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं जिन्हें लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि मानसून के दौरान राज्य को 12,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 24 जून को मानसून आने के बाद से बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक 251 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 38 लोग लापता हैं।

Exit mobile version