Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार, पुरानी परियोजनाएं भी बंद कीं: Anurag Thakur

December 8, 2024

हिमाचल में इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार, पुरानी परियोजनाएं भी बंद कीं: Anurag Thakur

शिमला। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जश्न मनाने के फैसले के खिलाफ शनिवार को जिला भाजपा की ओर से जन आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। जन आक्रोश सभा में हमीरपुर लोकसभा सीट से सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्यसभा सदस्य सिकंदर कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने वर्तमान सरकार की जमकर आलोचना की। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जन-जन की जुबान पर एक ही बात कि प्रदेश के सात दशकों के इतिहास में पहली बार सबसे भ्रष्ट और निकम्मी सरकार आई है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने जो परियोजनाएं शुरू कीं, उनको प्रदेश की मौजूदा सरकार ने पूरा नहीं किया बल्कि रद्द कर दिया। 23 लाख महिलाओं को 1500 रुपये तो क्या था, जो भाजपा की सरकार 1150 रुपये 2.35 लाख बहनों को दिया जाता था, उसे भी बंद कर दिया गया। कहा कि किसानों को दो रुपये किलो गोबर और 100 रुपये किलो दूध खरीदेंगे, वो भी वादा अधूरा है।

नई नौकरी तो दूर की बात, सरकारी नौकरी करने वालों को वेतन और पेंशन भी समय पर नहीं दी जा रही। अनुराग ने कहा कि कोरोना के समय डॉक्टर लगे, उन्हें भी बाहर का रास्ता दिखा दिया। इंटरनशिप करने वालों को वेतन के लिए चार महीने का इंतजार करना पड़ रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कारण हिमाचल की फजीहत पूरे देश में हो रही। कहा कि बिजली में सेस लगा दिया, पानी पर सरचार्ज लगा दिया। राशन के दाम बढ़ा दिए। महाराष्ट्र और हरियाणा में राहुल गांधी के खटाखट मॉडल को खटारा घोषित किया गया, वहां कमल का फूल खिला। अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर के लिए तीन केंद्रीय विद्यालय मंजूर करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले ही हरोली और कुटलैहड़ में केवी की मंजूरी मिली है। इस बीच दो और विद्यालयों के साथ ऊना जिला में चार केंद्रीय विद्यालय और एक नवोदय विद्यालय की सौगात दी गई है।

वहीं राज्यसभा सदस्य सिकंदर कुमार ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई, तो लोगों को बड़ी उम्मीद थी। कहा कि बीते दिनों वह दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों से मिला। उन विधायकों ने भी कहा कि वे खुद इस सरकार से दुखी है। कहा कि 11 दिसंबर को सरकार जश्न मना रही है। कहा कि सरकार क्या इसलिए जश्न मना रही कि उनसे कोई गारंटी पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि क्या इस बात का जश्न मनाया जा रहा कि सीपीएस को अदालत ने हटाने का आदेश दिया। सिकंदर कुमार ने कहा कि इस सरकार से हर वर्ग परेशान है। इस मौके पर ऊना सदर विधायक सतपाल सत्ती, पूर्व विधायक राजेश शर्मा, चौतन्य शर्मा, देवेंद्र भुट्टो, बलबीर चौधरी, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें